छत्तीसगढ़सूरजपुर

गोंदा में युवक की संदिग्ध मौत, अपहरण और मारपीट का आरोप; पुलिस जांच में जुटी

सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदा में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने युवक के अपहरण और बेरहमी से मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे गोंदा निवासी राजेंद्र के घर हरिनंदन राजवाड़े आए हुए थे। इसी दौरान कई मोटरसाइकिलों पर सवार होकर 10 से 15 लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने घर में घुसकर राजेंद्र और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की तथा महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया।


परिजनों का आरोप है कि आरोपी हरिनंदन राजवाड़े को जबरन अपने साथ ले गए। कुछ समय बाद उन्हें केवरा के पास गंभीर हालत में छोड़ दिया गया। परिजन उन्हें पहले प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर अंबिकापुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।


घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिजनों ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया पुराने विवाद और जमीन संबंधी रंजिश की बात सामने आई है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button