
लोकेशन:सूरजपुर | छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर:सुरेन्द्र साहू
सूरजपुर पुलिस ने गुम मोबाइल बरामदगी अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल और थाना स्टाफ की संयुक्त टीम ने करीब 50 लाख रुपये कीमत के 293 गुम मोबाइल ट्रेस कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपा है। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया।


डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत सूरजपुर पुलिस ने गुम मोबाइलों की तलाश शुरू की थी। साइबर सेल और थाना स्टाफ की संयुक्त टीम ने CEIR पोर्टल की मदद से विभिन्न जिलों और राज्यों में सक्रिय मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया।
बरामद मोबाइलों में एप्पल, सैमसंग, ओप्पो, वीवो, रेडमी और वन प्लस जैसी कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं। इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने सूरजपुर पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक तकनीक और CEIR पोर्टल के प्रभावी उपयोग से गुम मोबाइलों की बरामदगी और साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल CEIR पोर्टल, साइबर सेल अथवा नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं। साइबर ठगी से संबंधित मामलों में राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत सूचना देने की भी सलाह दी गई है।




