
छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव उत्तर प्रदेश के ललितपुर के पास हुए एक सड़क हादसे में घायल हो गए हैं। हादसे के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया और बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, किरण सिंह देव अपने परिवार के साथ बाबा बागेश्वर धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान ललितपुर के पास उनकी गाड़ी सड़क हादसे का शिकार हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हादसे में उनके कमर और पैर में चोटें आई हैं।
दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा उन्हें प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। बाद में बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
फिलहाल उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। वहीं पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही समर्थकों और शुभचिंतकों में चिंता का माहौल है और सभी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।




