
लोकेशन: कोरबा, छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर: सरोज रात्रे
छत्तीसगढ़ के कोरबा से स्वास्थ्य व्यवस्था की एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है। जिला अस्पताल कोरबा के महिला डिलीवरी वार्ड में गंदगी और कीड़े-मकोड़ों का अंबार देखने को मिला है।
हैरानी की बात यह है कि इस बदहाली का खुलासा किसी अधिकारी ने नहीं, बल्कि खुद मरीज के परिजनों ने किया है। डिलीवरी के लिए अस्पताल पहुंचे परिजनों ने वार्ड की हालत का वीडियो बनाकर पत्रकारों तक पहुंचाया, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बेड के नीचे कीड़े रेंग रहे हैं, चारों तरफ गंदगी फैली हुई है और इन्हीं हालातों में नवजात बच्चों को रखा जा रहा है।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में साफ-सफाई का बिल्कुल ध्यान नहीं रखा जा रहा। उनका कहना है—
“हम लोग यहां डिलीवरी के लिए आए हैं, लेकिन हालत देखकर डर लग रहा है… बच्चे को कैसे रखें यहां… कोई सुनवाई नहीं हो रही…”
जहां एक ओर नवजात शिशुओं को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिलना चाहिए, वहीं दूसरी ओर इस तरह की लापरवाही संक्रमण के गंभीर खतरे को जन्म दे रही है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या ऐसे माहौल में मां और नवजात सुरक्षित हैं? अगर कोई अनहोनी होती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
स्वास्थ्य विभाग पर सीधे तौर पर सवाल खड़े हो रहे हैं—
क्या इस गंभीर लापरवाही पर कार्रवाई होगी, या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा?
फिलहाल जरूरत है तत्काल कार्रवाई और सुधार की, ताकि जच्चा और बच्चा दोनों को सुरक्षित और स्वच्छ माहौल मिल सके।




