
सरगुजा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में इन दिनों बारिश का आनंद लेने बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। लेकिन कुछ बाइकर्स गैंग का लापरवाह रवैया पर्यटन स्थल की शांति और सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है। मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों से तेज आवाज निकालते हुए स्टंट और रफ्तार का प्रदर्शन पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।
मैनपाट की प्राकृतिक खूबसूरती और हरियाली का आनंद लेने दूर-दूर से पर्यटक पहुंच रहे हैं। इसी बीच कुछ बाइकर्स गैंग तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल कर अनावश्यक शोर मचा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर स्टंटबाजी और तेज आवाज से न सिर्फ पर्यटकों का सुकून भंग हो रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी ऐसे कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें बाइकर्स खुलेआम यातायात नियमों की अनदेखी करते दिखाई दे रहे हैं।
ग्रामीणों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों का आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद बाइकर्स के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। इसे लेकर मैनपाट पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मॉडिफाइड साइलेंसर और स्टंटबाजी करने वाले बाइकर्स के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि मैनपाट का शांत, सुरक्षित और प्राकृतिक पर्यटन वातावरण बरकरार रह सके।




