
बिलासपुर के मस्तूरी थाना क्षेत्र में महिला का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर उसे प्रताड़ित और ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मस्तूरी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया था कि आपसी विवाद के चलते आरोपियों ने उसका अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके साथ ही महिला को प्रताड़ित करने, जातिगत गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत के आधार पर मस्तूरी थाने में अपराध क्रमांक 542/2026 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मस्तूरी और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अजय चौधरी, नरेश पटेल और पिताम्बर सिंह को उनके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अश्लील वीडियो वायरल करने की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को 12 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया। इसके बाद 13 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
मामले में पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ आईटी एक्ट और एससी/एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की विवेचना जारी है।
मस्तूरी पुलिस और साइबर सेल की त्वरित कार्रवाई से सोशल मीडिया के जरिए महिला को प्रताड़ित और ब्लैकमेल करने के मामले में तीनों आरोपी अब जेल पहुंच चुके हैं।




