
कोरिया जिले के नौगई तिहरे हत्याकांड के बाद अवैध रेत कारोबार पर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिस चिरमी घाट की रेत सप्लाई को लेकर खूनी संघर्ष हुआ था, उसी घाट पर खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में लगे 5 वाहनों को जब्त किया है। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद हुई इस कार्रवाई को रेत माफियाओं के खिलाफ प्रशासन की बड़ी पहल माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, चिरमी घाट से लगातार अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर जिला खनिज विभाग ने विशेष टीम गठित कर घाट पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान नदी तट से अवैध रूप से रेत परिवहन करते हुए 2 ट्रैक्टर और 3 टीपर सहित कुल 5 वाहन पकड़े गए।
खनिज विभाग ने सभी वाहनों को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला खनिज अधिकारी के अनुसार, लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। जब्त किए गए प्रत्येक वाहन पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
नौगई हत्याकांड के बाद अवैध रेत कारोबार पर प्रशासन की यह पहली बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल खनिज विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।




