बारिश में मेरे पैरों से बदबू क्यों आती है? डर्मेटोलाॅजिस्ट ने समझाया कारण, बताया इसे दूर करने के घरेलू तरीके

मॉनसून में पैरों में पसीना और नमी बने रहने की समस्या तो अक्सर लोगों को होती रहती है। लेकिन इसके कारण पैरों से आने वाली बदबू अक्सर आपको शर्मिंदा कर देती है। अगर मॉनसून में जूते उतारते ही आपके पैरों से भी बदबू आती है तो जानिए कि आप क्या गलतियां कर रहे हैं। आपके पैरों से बदबू आने की समस्या को दूर करने के लिए आपको कोई बड़े जतन करने की जरूरत नहीं पड़ती। बस कुछ अहतियात बरतने होते हैं जिससे पैरों का हाईजीन अच्छा रहे और कॉर्न स्टार्च, सिरका जैसी चीजों की मदद लेनी होती है। विशेषज्ञ मानते हैं कि ज्यादा नमी वाली जगह पर रहने, पैरों को गीले जूते या मोजे में देर तक रखने से पैरों से बदबू तो आने ही लगती है साथ ही खुजली, लालिमा और यहां तक कि पैरों की खाल हटने तक की समस्या होने लगती है।
गीले मोजों के कारण आ सकती है पैरों से बदबू
इसलिए आती है पैरों से बदबू
पैरों में बहुत सारे स्वेट ग्लैंड होते हैं। जूते या मोजे लगातार पहने रहने से पैरों में पसीना आता है जो अंदर ही बना रहता है और सूख नहीं पाता। जूतों या मोजों में पनपे बैक्टीरिया इस पसीने के साथ मिलकर बदबू पैदा करते हैं। कई बार यह माहौल फंगस के पनपने के लिए भी बेहद मुफीद होता है। ये बैक्टीरिया और फंगर आपके पसीने और डेड स्किन को खाते हैं और दुर्गंध फैलाते हैं। मॉनसून में हवा में नमी होने के कारण ये नमी जूतों में भी आ जाती है। ऐसे में नमी के कारण यह समस्या और भी बढ़ जाती है और तब यह और खराब हो सकती है जब बारीश में पैर भीग गए हों। अगर पैरों में कटा हुआ है तो इस रास्ते बैक्टीरिया और फंगस शरीर में भी प्रवेश कर सकते हैं।
इस तरह से करें बचाव
- पैरों को दिन में दो बार साबुन से धोएं ताकि बैक्टीरिया न पनपने पाएं। पैर तब खास तौर पर धोएंं जब आप बाहर से आए हों और पैर भीग गए हों।
- पैरों को धोने के बाद या पेडीक्योर कराने के तुरंत बाद मोजे न पहनें। पैराें को पूरी तरह सूखने दें। ध्यान रखें कि पानी पैरों की उंगलियों के बीच भी जमा न रहने पाए।
- अगर मोजे पहनते हैं तो कॉटन के पहनें और इन्हें बदलते रहें। गीले होने पर मोजे हटा दें।
- खुले फुटवियर पहनना बेहतर है। अगर बंद फुटवियर पहन रहे हैं तो ध्यान रखें कि वे सूखे हों और साफ हों। इसके अलवा दो या तीन जोड़ी फुटवियर तैयार रखें ताकि एक जोड़ी को सूखने के लिए समय मिल सके। आप फुटवियर में सिलिका जेल का सहारा भी ले सकते हैं।
- फुट पाउडर का इस्तेमाल करें। ये एंटीफंगल पाउडर होते हैं जो नमी को सोख लेते हैं और पैरों को सूखा रखते हैं।
पैरों की बदबू को दूर रखने के लिए अपनाएं ये नुस्खे
पैरों को कुछ देर भिगोने से दूर होगी गंध
बचाव के साथ आप ऐसे नुस्खे भी अपना सकते हैं जिनसे पैरों का हाइजीन अच्छा रहे साथ ही गंध भी दूर हो जाए। ये तरीके बेहद आसान हैं और आपके घर पर मौजूद सामान की मदद से ही संभव हैं।
चाय का पानी
चाय में टैनिन्स होते हैं जो पसीना आना कम करते हैं और बैक्टीरिया को पनपने नहीं देते। पानी में दो टीबैग या दो चम्मच चाय को उबालें। इस पानी को ठंडा होने दें इसके बाद इस पानी में 15 से 20 मिनट तक पैरों को इस पानी में भिगोकर रखें। इसके बाद अच्छे से पैरों को सुखाएं।
सिरका
सिरका ऐसेडिक होता है जो बैक्टीरिया को पनपने नहीं देता और बदबू को दूर भगाता है। एक हिस्सा सिरका और दो हिस्सा गुनगुना पानी लें। इसमें पैरों को 15 मिनट तक भिगोकर रखें और उसके बाद पैर सुखा लें।
बेकिंग सोडा
बेकिंग सोडा बदबू को हटाने और नमी को सोखने का काम करता है। टब में गुनगुना पानी लें और दो चम्मच बेकिंग सोडा डालें। इसमें 15 मिनट पैर भिगाेएं और फिर पैरों को अच्छी तरह पोंछ लें।
सेंधा नमक
सेंधा नमक बेहतर सफाई करता है। टब में गुनगुना पानी लेकर एक चम्मच सेंधा नमक डालें और 15 मिनट तक पैरों को भिगोरक रखें।
आपकी इन गलतियों से आ सकती है पैरों से गंध
- लंबे समय तक गीले मोजे या जूते पहनना
- पब्लिक टाॅयलेट में नंगे पैर जाना
- पैरों की उंगलियों के बीच नमी जमा रहने देना
- खुजली और स्किन पीलिंग को नजरअंदाज करना
- दूसरों के साथ फुटवियर या मोजे बांटना
- बारिश में खुली जगहों पर नंगे पैर घूमना
हाईजीन अच्छा रखने और पैरों को सूख रखने से आप पैरों से आने वाली बदबू से दूर रह सकते हैं। हालांकि अगर पैरों में बहुत ज्यादा खुजली होती है, क्रैक आ रहे हैं, लालिमा बनी है, बदबू के साथ पस की समस्या बनी है या नाखून का हिस्सा मोटा हो रहा है या रंग बदल रहा है तो आपको डर्मेटोलॉजिस्ट से बात करने की जरूरत है। संभव है कि आपको फंगल इंफेक्शन की समस्या हो रही हो जिसके लिए आपको समय रहते उपचार कराना चाहिए।




