
रायगढ़ जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन आघात लगातार जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पिछले 48 घंटे में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 121 लीटर से ज्यादा अवैध शराब जब्त की है।

पुलिस के मुताबिक जूटमिल और कोतवाली क्षेत्र से अंग्रेजी शराब और बीयर, जबकि तमनार, छाल और घरघोड़ा से बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
जूटमिल पुलिस ने 7.750 लीटर शराब और बीयर के साथ कृष्णा सारथी को गिरफ्तार किया। वहीं कोतवाली पुलिस ने 22.5 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ सुरिस्ठ सिंह को पकड़ा।


इसके अलावा तमनार से 51 लीटर, छाल से 14 लीटर और घरघोड़ा से 26 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से भी अवैध शराब की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।




