
दुर्ग जिले की सुपेला पुलिस ने एसी मरम्मत के बहाने घर में घुसकर आभूषण चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1 लाख 50 हजार रुपये कीमत के सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार सुपेला थाना क्षेत्र निवासी मनोज अग्रवाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर में मरम्मत कार्य के दौरान रखे सोने और चांदी के आभूषण गायब हो गए। जांच में पता चला कि 21 जुलाई 2026 को एसी मैकेनिक आशुतोष साव दो दिनों तक उनके घर में मरम्मत का काम करने आया था।

घटना के बाद जब उससे संपर्क करने की कोशिश की गई तो वह लगातार बहाने बनाकर मिलने से बचता रहा। संदेह के आधार पर पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो सोने की अंगूठियां, तीन चांदी की अंगूठियां और हीरे जड़ित एक जोड़ी सोने की बालियां बरामद कीं। बरामद आभूषणों की कुल कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी आशुतोष साव (29 वर्ष), निवासी जवाहर नगर, दुर्ग के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर में मरम्मत या अन्य कार्य के लिए आने वाले बाहरी व्यक्तियों का पहचान विवरण सुरक्षित रखें और कीमती सामान को सुरक्षित स्थान पर रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 पर दें।




