
कोरबा जिले में हाथियों का आतंक लगातार जारी है। करतला वन परिक्षेत्र के बड़मार गांव में खेत में काम करने गए एक ग्रामीण पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मृतक जगेशर सिंह राठिया शनिवार सुबह अपने खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान खेत के आसपास घूम रहे एक जंगली हाथी से उनका सामना हो गया। हाथी ने अचानक हमला कर उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वन विभाग ने नियमानुसार मुआवजा प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद बड़मार सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में हाथियों की लगातार बढ़ती आवाजाही पर चिंता जताते हुए वन विभाग से प्रभावी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में अकेले न जाएं और हाथी दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना दें। विभाग का कहना है कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।




