छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

डीपीएस में मनाया गया डॉक्टर्स डे और सीए डे, पूर्व छात्राओं ने सफलता की कहानी से किया प्रेरित

लोकेशन: जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर: शुभांशु मिश्र / दिनांक: 02/07/2026

दिल्ली पब्लिक स्कूल, जांजगीर-चांपा में राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे और सीए डे उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय की दो पूर्व छात्राएं—सीए वंशिका अग्रवाल और डॉ. सत्या सोनी—मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। दोनों ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। छात्र-छात्राओं ने स्वागत भाषण, गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों का स्मृति-चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया।

हाल ही में सीए फाइनल परीक्षा में छत्तीसगढ़ में प्रथम और देशभर में 23वीं रैंक हासिल करने वाली पूर्व छात्रा वंशिका अग्रवाल ने विद्यार्थियों को चार्टर्ड अकाउंटेंसी के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं और ईमानदारी के महत्व से अवगत कराया। वहीं डॉ. सत्या सोनी ने चिकित्सा सेवा को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए विद्यार्थियों से अनुशासन, समर्पण और सेवा-भाव के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती कल्पना सिंह ने कहा कि डॉक्टर और चार्टर्ड अकाउंटेंट समाज के मजबूत स्तंभ हैं, जिनकी निष्ठा और ईमानदारी राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से इनसे प्रेरणा लेकर ज्ञान, संस्कार और उत्कृष्टता को अपने जीवन का लक्ष्य बनाने की अपील की।

प्रेरणादायी अनुभवों और सफल पूर्व छात्राओं की उपलब्धियों से सजा यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को बेहतर करियर के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी एहसास कराना रहा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button