
रिपोर्टर : ब्यूरो रिपोर्ट / लोकेशन : अंबिकापुर
अंबिकापुर में तीन तलाक का मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति टीपू कुरैशी पर तीन बार तलाक बोलकर रिश्ता खत्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली थाने में FIR दर्ज की गई है। महिला का आरोप है कि उसका पति आए दिन गाली-गलौज करता था और जान से मारने की धमकी देता था। प्रताड़ना से परेशान होकर महिला पिछले तीन महीनों से अपने तीन बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक पूरा मामला अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मायापुर का बताया जा रहा है। पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि उसका पति टीपू कुरैशी लंबे समय से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। महिला का कहना है कि आरोपी अक्सर गाली-गलौज करता था और जान से मारने की धमकी भी देता था।
पीड़िता के अनुसार लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर वह पिछले करीब तीन महीने से अपने तीन बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। महिला ने बताया कि 18 मई की शाम तकिया शरीफ जाते समय आरोपी पति ने कथित तौर पर सार्वजनिक रूप से तीन बार “तलाक” बोलकर रिश्ता खत्म करने की बात कही। इसके बाद महिला ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।


महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।




