
सूरजपुर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने जिला स्तरीय श्रमदान अभियान चलाया। बड़कापारा स्थित छठ तालाब परिसर में आयोजित इस अभियान में कलेक्टर श्रीमती रेना जमील सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

बड़कापारा स्थित छठ तालाब परिसर में नगर पालिका परिषद के तत्वावधान में आयोजित श्रमदान अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने तालाब परिसर की साफ-सफाई की। अभियान में शामिल सभी लोगों ने स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधारोपण भी किया गया, जिससे कार्यक्रम को जनभागीदारी का स्वरूप मिला।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने स्वयं श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी लोग अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संकल्प लें, तो सूरजपुर को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर जिला बनाया जा सकता है।
कलेक्टर ने कहा कि किसी भी जागरूक और शिक्षित समाज की पहचान उसकी स्वच्छता, अनुशासन और सामाजिक सहभागिता से होती है। उन्होंने नागरिकों से जनहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील की।
जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल सफाई अभियान चलाना नहीं, बल्कि स्वच्छता को लोगों की आदत बनाना है। प्रशासन को उम्मीद है कि जनसहभागिता से सूरजपुर स्वच्छ और सुंदर जिले के रूप में नई पहचान बनाएगा।




