कोरबाछत्तीसगढ़

इंसाफ की मांग को लेकर पानी टंकी पर चढ़ा युवक, पुलिस पर गंभीर आरोप, थाना प्रभारी पर मारपीट और वसूली के आरोप, पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार

लोकेशन: हरदी बाजार, कोरबा | छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर: सरोज रात्रे

कोरबा जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम नेवसा निवासी एक युवक इंसाफ की मांग को लेकर पानी टंकी पर चढ़ गया और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया है।



जानकारी के अनुसार ग्राम नेवसा निवासी रफीक मोहम्मद और दीपेश निर्मलकर ने हरदी बाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों का कहना है कि मंगलवार को ग्राम सिरली के पास उन्हें बिना किसी कारण के पकड़कर थाने ले जाया गया।
आरोप है कि जुआ खिलाने का आरोप लगाकर दोनों के साथ लाठी, डंडे और बेल्ट से मारपीट की गई। पीड़ितों का यह भी दावा है कि मेडिकल परीक्षण के दौरान उनसे जबरन यह बयान दिलवाया गया कि वे भागते समय गिरकर घायल हुए हैं। साथ ही 23 हजार 500 रुपये लेने का आरोप भी लगाया गया है।
मामला उस समय और गंभीर हो गया जब गुरुवार सुबह रफीक मोहम्मद न्याय की मांग को लेकर गांव की पानी टंकी पर चढ़ गया। तेज बारिश के बीच भी वह घंटों तक टंकी पर डटा रहा और न्याय की मांग करता रहा। उसने चेतावनी दी कि यदि उसे इंसाफ नहीं मिला तो वह आत्मघाती कदम उठा सकता है।
वहीं दूसरी ओर हरदी बाजार थाना प्रभारी प्रमोद कुमार डनसेना ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि दोनों व्यक्ति क्षेत्र में जुआ फड़ संचालित करते हैं और सूचना मिलने पर उनके खिलाफ धारा 151 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इधर कुछ ग्रामीणों ने भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि बिना पर्याप्त कारण लोगों को घरों से उठाया जा रहा है। वहीं अनवर अली नामक युवक के चार दिनों से घर नहीं लौटने की बात भी सामने आई है, जिससे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
फिलहाल मामले की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। अब सभी की निगाहें प्रशासन और पुलिस विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button