
सूरजपुर | छत्तीसगढ़
सूरजपुर जिले में गोबरी नदी रपटा पुल की जर्जर अप्रोच रोड को लेकर लगातार उठ रही मांग और मीडिया में मामला प्रमुखता से सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। मौके पर भारी मशीनें लगाकर सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।




भैयाथान क्षेत्र में स्थित गोबरी नदी रपटा पुल की अप्रोच रोड पहली ही बारिश में बह गई थी, जिससे दर्जनभर से अधिक गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया था। सड़क खराब होने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों और मरीजों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
समस्या के समाधान में देरी होने पर क्षेत्र के युवाओं ने चंदा जुटाकर प्रतीकात्मक रूप से सड़क निर्माण की पहल शुरू की थी। मामला सुर्खियों में आने के बाद प्रशासन ने निर्माण कार्य शुरू कराया। मौके पर रोलर, ग्रेडर सहित अन्य भारी मशीनों की मदद से जीएसबी, डब्ल्यूएमएम और स्टोन डस्ट डालकर सड़क को दुरुस्त किया जा रहा है।
निर्माण कार्य शुरू होने पर ग्रामीणों और युवाओं ने खुशी जताई। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से होगा, ताकि बरसात के दौरान दोबारा आवागमन बाधित न हो। ग्रामीणों ने समस्या को प्रमुखता से उठाने के लिए मीडिया और पत्रकारों का भी आभार व्यक्त किया।
फिलहाल अप्रोच रोड का निर्माण कार्य जारी है। अब देखना होगा कि प्रशासन इसे तय समय में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कर ग्रामीणों को स्थायी राहत दिला पाता है या नहीं।




