खेल

5वें दिन भारतीय खिलाड़ियों की धूम, शर्मिला ने दिलाया गोल्ड, देश की झोली में आए 6 और मेडल

ग्लासगो: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में सोमवार भारतीय समय के अनुसार देर रात देश के खाते में 6 और पदक जुड़ गए। भारत ने विमेंस शॉट पुट एफ57 प्रतियोगिता में एक गोल्ड और एक ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया, जबकि हाई जंप, महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग केटेगरी और पुरुषों की 79 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में 1-1 सिल्वर मेडल हाथ लगा। इसके अलावा महिलाओं की 58 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग केटेगरी में 1 ब्रॉन्ज जीता। कुल 10 मेडल्स (2 गोल्ड, 5 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज) के साथ भारत मेडल टैली में 8वें पायदान पर है।

शर्मिला ने जिताया गोल्ड

भारतीय पैरा एथलीट शर्मिला ने ‘विमेंस शॉट पुट एफ57’ वर्ग की फाइनल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 9.81 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रयास करते हुए गोल्ड अपने नाम किया। उन्होंने छह प्रयासों में क्रमशः 9.48, 9.58, 9.81, 9.17, 9.37 और 9.60 मीटर का प्रदर्शन किया। तीसरे प्रयास में हासिल 9.81 मीटर उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इस उपलब्धि के साथ शर्मिला ने अपना सीजन बेस्ट भी दर्ज किया।

घाना की जिनाबु इसाह ने 8.65 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ सिल्वर मेडल जीता। उनके छह प्रयास 8.65, 8.37, 8.60, 7.98, 8.24 और 8.09 मीटर रहे। यह प्रदर्शन भी उनका सीजन बेस्ट रहा। वहीं भारत की शिल्पा कंचुगरकोप्पालु शायला ने 7.26 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ ब्रॉन्ज हासिल किया। उन्होंने 6.69, 6.95, 7.26, 6.91 और 7.09 मीटर के प्रयास किए, जबकि छठा प्रयास अमान्य रहा। इसके बावजूद 7.26 मीटर का प्रदर्शन उनके लिए पर्सनल बेस्ट साबित हुआ।

अनिल कुशारे ने जीता सिल्वर

दूसरी ओर भारतीय हाई जंप खिलाड़ी सर्वेश अनिल कुशारे ने फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2.25 मीटर की छलांग के साथ सिल्वर मेडल अपने नाम किया। कड़े मुकाबले में वह जमैका के रोमेन बेकफोर्ड के खिलाफ गोल्ड मेडल से बेहद मामूली अंतर से चूक गए। दोनों शीर्ष खिलाड़ियों ने 2.25 मीटर की समान ऊंचाई पार की, लेकिन प्रयासों की संख्या के आधार (काउंटबैक) पर फैसला हुआ, जिसमें जमैका के खिलाड़ी को बढ़त मिली। इंग्लैंड के किमानी जैक 2.20 मीटर की छलांग के साथ तीसरे स्थान पर रहे। भारत के आदर्श राम ज्योति शंकर 2.15 मीटर की छलांग के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

वल्लूरी अजय बाबू 1 किलोग्राम से गोल्ड से चूके

वहीं पुरुषों की 79 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में भारत के वल्लूरी अजय बाबू ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया। अजय बाबू ने कुल 330 किग्रा वजन (149 स्नैच (गेम रिकॉर्ड) + 181 क्लीन एंड जर्क) उठाया। मलेशिया के एरी हिदायत मुहम्मद कुल 331 किग्रा (गेम रिकॉर्ड) के साथ शीर्ष पर रहे, जिन्होंने स्नैच में 147 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 184 किग्रा भार उठाया। इंग्लैंड के क्रिस मरे ने कुल 325 किग्रा वजन (148 स्नैच + 177 क्लीन एंड जर्क) के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button