Samsung यूजर्स जरा संभलकर! अब पासवर्ड भूले तो परमानेंट लॉक हो जाएगा फोन! One UI 9.0 में आई तगड़ी सिक्योरिटी

Samsung ने One UI 9.0 पर चलने वाले डिवाइसेज के लिए लॉकस्क्रीन सिक्योरिटी की पॉलिसी को और ज्यादा सख्त कर दिया है। सैमसंग यूजर्स को अब जरा संभलकर चलना होगा, क्योंकि अगर आप फोन या One UI 9.0 पर चलने वाले डिवाइस का पासवर्ड भूलते हैं तो आपको अपनी डिवाइस के डेटा से भी हाथ धोना पड़ सकता है। कंपनी ने अनलॉक करने की कोशिशों की संख्या कम कर दी है और एक निश्चित संख्या के बाद एटेम्प्ट करते हैं तो फोन स्थाई रूप से लॉक हो जाएगा। आइए जानते हैं कंपनी की नई सिक्योरिटी पॉलिसी के बारे में।
Samsung One UI 9.0 में सिक्योरिटी और अधिक टाइट होकर आई है। सैमसंग ब्लॉग पोस्ट में कंपनी ने नई सिक्योरिटी पॉलिसी की जानकारी दी है। One UI 9.0 में अनलॉक करने की कोशिशें नाकाम होने पर लॉकआउट का समय बढ़ता जाएगा। यानी हरेक कोशिश के बाद कंपनी कुछ मिनटों का अंतराल बढ़ा देगी जिसमें आप दोबारा कोशिश कर सकेंगे। लेकिन इसी तरह 13 बार नाकाम कोशिशें कर चुके होंगे तो डिवाइस हमेशा के लिए लॉक हो जाएगा और फिर फोन को फैक्ट्री रीसेट करना अनिवार्य हो जाएगा अन्यथा फोन का लॉक नहीं खुलेगा। अगर फैक्ट्री रीसेट तक बात पहुंचती है तो यूजर को डेटा से हाथ धोना पड़ेगा। ऐसे में जरूरी हो जाता है कि यूजर के पास डेटा का बैकअप हो।
फोन अनलॉक के मिलेंगे 13 मौके
नए सिक्योरिटी सिस्टम के तहत यूजर को अपना डिवाइस अनलॉक करने के लिए 13 मौके मिलेंगे। पहले 5 अटेम्प्ट के बाद फोन 1 मिनट के लिए लॉक होगा। इसके बाद प्रत्येक असफल अटेम्प्ट पर टाइम बढ़ता जाएगा। 6 अटेम्प्ट के बाद 5 मिनट, 7 अटेम्प्ट के बाद 15 मिनट, 8 अटेम्प्ट के बाद 30 मिनट, 9 अटेम्प्ट के बाद 90 मिनट, 10 अटेम्प्ट के बाद 4 घंटे, 11वें अटेम्प्ट के बाद 12 घंटे, 12वें पर 24 घंटे, और अंत में 13 अटेम्प्ट कर लेने पर आप असफल होते हैं तो फोन परमानेंट तौर पर लॉक हो जाएगा। अब फोन केवल फुल फैक्ट्री रीसेट पर ही खुल सकेगा। ऐसा करने पर आपके डिवाइस का लोकल डेटा पूरी तरह से नष्ट हो जाएगा।
Samsung ने हालांकि इसके लिए स्मार्ट काउंटिंग मैकेनिज्म बनाया है। यानी अगर यूजर एक ही पिन, या गलत पिन अथवा पैटर्न को दोबारा डालता है तो इसे दो बार के असफल प्रयास में नहीं गिना जाएगा। समान पिन दोबारा डालने पर एक ही असफल प्रयास माना जाएगा। सिर्फ़ अलग-अलग गलत एंट्री से ही काउंटर आगे बढ़ेगा। जब कोई यूजर तय सीमा के करीब जाएगा तो कंपनी बाकी बचे प्रयासों के बारे में साफ चेतावनी भी दिखाएगी। सैमसंग ने सलाह दी है कि यूजर ऐसी स्थिति में डेटा खोने से बचने के लिए रेगुलर क्लाउड या स्मार्ट स्विच बैकअप बनाए रखें।




