कोरबाछत्तीसगढ़

डी.आई. पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव

कोरबा

नई उम्मीदों और नए सपनों के साथ शिक्षा के नए सत्र का आगाज हुआ। कोरबा जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत पचपेड़ी स्थित डी.आई. पब्लिक स्कूल में प्रथम शाला प्रवेश उत्सव उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत किया गया और शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन एवं उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया गया।



डी.आई. पब्लिक स्कूल में शाला प्रवेश उत्सव का शुभारंभ माँ सरस्वती की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों, अभिभावकों और अतिथियों की उपस्थिति से उत्सव का माहौल देखने को मिला। नवप्रवेशी बच्चों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

विद्यालय में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को निःशुल्क पुस्तकें, कॉपियां, स्कूल ड्रेस और जूते वितरित किए गए। बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी, वहीं अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के प्रति सकारात्मक प्रयास बताया।

मुख्य अतिथि नारी सशक्तीकरण जिला प्रमुख सविता साहू ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार, चरित्र और बेहतर जीवन की नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन और नियमित अध्ययन अपनाने तथा अभिभावकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहयोग करने की अपील की।

विद्यालय सचिव कमलेश कँवर ने कार्यक्रम का संचालन किया। समिति के उपाध्यक्ष रोहित कुमार बरेठ ने अभिभावकों से विद्यालय के साथ मिलकर बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया। विद्यालय अध्यक्ष सिम्मी पटेल ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। वहीं अरुण सारथी ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत का संदेश दिया।

कार्यक्रम का समापन वृक्षारोपण के साथ किया गया। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने वाला यह शाला प्रवेश उत्सव बच्चों के लिए नई शुरुआत का प्रेरणादायक अवसर बना। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि नए सत्र में विद्यार्थी बेहतर शिक्षा के साथ अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर आगे बढ़ेंगे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button