छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

बिजली समस्या को लेकर वार्डवासियों ने घेरा बिजली ऑफिस, पार्षद देवनारायण बरेठ के नेतृत्व में प्रदर्शन; अधिकारियों ने 30 से 45 दिन में सुधार का दिया आश्वासन

रिपोर्टर : मयंक / लोकेशन : अकलतरा, जांजगीर-चांपा

अकलतरा नगर के वार्ड क्रमांक 19 अंधियारीपाठ, मंडी रोड और नायक तांड क्षेत्र में लगातार बिजली समस्या से परेशान लोगों ने मंगलवार को बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। वार्ड पार्षद देवनारायण बरेठ (पिंटू) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी बिजली ऑफिस पहुंचे और कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।


ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था लंबे समय से बदहाल है। आए दिन 20 से 25 बार बिजली कटौती होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बिजली गुल रहने से जल संकट की स्थिति भी बन रही है, जिससे वार्डवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।


मोहल्लेवासियों ने बताया कि इससे पहले भी 6 सितंबर 2024 को बड़ी संख्या में नागरिकों ने बिजली कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया था। उस दौरान अधिकारियों ने तीन माह के भीतर व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक समस्या जस की तस बनी हुई है। इसके बाद 27 मई 2025 को भी ज्ञापन सौंपा गया था, फिर भी कोई स्थायी समाधान नहीं निकला।
प्रदर्शन के दौरान वार्डवासियों ने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन और धरना प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और शासन-प्रशासन की होगी।
वहीं, विभागीय अधिकारियों ने क्षेत्र का सर्वे कर 30 से 45 दिनों के भीतर विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने का लिखित आश्वासन दिया है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button