
लोकेशन :सूरजपुर / रिपोर्टर : सुरेन्द्र साहू
सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गजाधरपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां की लोढ़ा से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार डिगम्बर चेरवा अपनी 50 वर्षीय मां फलेन बाई के साथ रहता था। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले आरोपी के पिता की कुएं में गिरने से मौत हो गई थी, जिसके बाद परिवार को मुआवजे की राशि मिली थी। आरोपी बेटा लगातार उस रकम में हिस्सा मांग रहा था, लेकिन मां द्वारा पैसे देने से इंकार किया जा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

घटना वाले दिन भी आरोपी ने अपनी मां से खाना मांगा। मां ने बेटे से कहा कि खाना निकालकर खुद खा लो। मां की यही बात बेटे को इतनी नागवार गुजरी कि उसने घर में रखे लोढ़ा (मसाला पीसने वाला पत्थर) से मां पर हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद घायल महिला को इलाज के लिए अंबिकापुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मां की मौत के बाद परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।

इधर घटना की सूचना मिलते ही लटोरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पुत्र डिगम्बर चेरवा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
एक मां जिसने बेटे को जन्म दिया और पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी मां की उसके बेटे के हाथों हुई दर्दनाक मौत ने इंसानियत और रिश्तों दोनों को शर्मसार कर दिया है।




