
रिपोर्टर: सुरेन्द्र साहू / लोकेशन: सूरजपुर, छत्तीसगढ़
प्रतापपुर क्षेत्र में महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे शराबबंदी अभियान ने अब बड़ा रूप ले लिया है। भैंसामुंडा साप्ताहिक बाजार में महिलाओं ने विरोध जताते हुए सैकड़ों लीटर हड़िया शराब को बीच बाजार में बहा दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक महिलाओं ने पहले ही बाजार में शराब बेचने वालों को चेतावनी दी थी कि गांव और बाजार में शराब बिक्री पूरी तरह बंद रखी जाए। इसके बावजूद कुछ लोग हड़िया शराब बेचने पहुंचे, जिसके बाद महिलाओं ने कार्रवाई करते हुए शराब को नष्ट कर दिया।
बताया जा रहा है कि करीब 300 से 400 लीटर तक हड़िया शराब बहाई गई। स्थानीय भाषा में इस शराब को “कोसना” कहा जाता है, जिसे चावल या भात से तैयार किया जाता है।
ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि शराब के कारण परिवार और समाज पर बुरा असर पड़ रहा है। गांव को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। इस मुहिम की शुरुआत केवरा ग्राम की एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने की थी, जिसके बाद बड़ी संख्या में महिलाएं इससे जुड़ गई हैं।
वायरल वीडियो प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भैंसामुंडा साप्ताहिक बाजार का बताया जा रहा है।




