चक्का जाम वाले गांव में पहुंचे SP, 60 महिलाओं की बनी ‘महिला कमांडो टीम’, नशामुक्ति अभियान शुरू

जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगाकोहरौद में पुलिस ने नशे के खिलाफ जनभागीदारी की नई पहल शुरू की है। कुछ दिन पहले अपनी मांगों को लेकर चक्का जाम करने वाले इसी गांव में अब पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने ग्रामीणों से संवाद किया और नशामुक्ति का संदेश दिया। इस दौरान गांव की 60 सक्रिय महिलाओं को जोड़कर ‘महिला कमांडो टीम’ का गठन किया गया, जो नशामुक्ति और महिला सुरक्षा के लिए पुलिस की सहयोगी बनेगी। देखिए पूरी रिपोर्ट।
पामगढ़ के ग्राम डोंगाकोहरौद में आयोजित सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम में एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने और गांव को नशामुक्त बनाने के लिए ग्रामीणों से सहयोग की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान गांव की 60 सक्रिय महिलाओं का चयन कर ‘महिला कमांडो टीम’ बनाई गई। यह टीम गांव में नशामुक्ति अभियान चलाने के साथ महिला सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता और अपराधों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करेगी। महिलाओं ने भी गांव को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
एसपी ने ग्रामीणों से अपील की कि गांव में अवैध शराब या किसी भी तरह के नशीले पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि समय रहते सूचना मिलने पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है।
एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि सामुदायिक पुलिसिंग का उद्देश्य सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास और सहयोग को मजबूत करना भी है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और थाना प्रभारी सावन कुमार सारथी सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
डोंगाकोहरौद में 60 महिलाओं की महिला कमांडो टीम का गठन गांव को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है। अब पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त भागीदारी से इस अभियान को आगे बढ़ाने की तैयारी है।




