
कोरबा जिले के करतला जनपद पंचायत में अधूरे विकास कार्यों को लेकर आम आदमी पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश संगठन मंत्री एवं रामपुर विधानसभा प्रभारी जगलाल राठिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जनपद पंचायत कार्यालय का घेराव कर सीईओ से जवाब मांगा। प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने पांच दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया।

शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में करतला जनपद पंचायत कार्यालय पहुंचे और लंबित विकास कार्यों को लेकर प्रदर्शन किया। पार्टी का आरोप है कि क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों में करीब डेढ़ से दो वर्ष पहले विकास कार्य स्वीकृत हुए थे और लगभग 40 प्रतिशत राशि भी आहरित कर ली गई, लेकिन कई निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुए।
इसी मुद्दे को लेकर कार्यकर्ताओं ने जनपद पंचायत कार्यालय का घेराव कर अधिकारियों से जवाब मांगा। प्रदर्शन के दौरान चेतावनी दी गई कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं किए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान जनपद पंचायत के सीईओ ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा की और पांच दिनों के भीतर लंबित निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। आम आदमी पार्टी के नेताओं का दावा है कि अधिकारियों ने कार्यों में हुई लापरवाही को भी स्वीकार किया।
इस प्रदर्शन में प्रदेश संयुक्त सचिव प्रतिमा सिन्हा, कोरबा जिलाध्यक्ष रिचर्ड डेविड लोगन, रायगढ़ लोकसभा अध्यक्ष जुगल प्रसाद तिवारी सहित कोरबा और रायगढ़ के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
फिलहाल जनपद पंचायत प्रशासन ने पांच दिनों के भीतर कार्य शुरू कराने का भरोसा दिया है। अब देखना होगा कि यह आश्वासन धरातल पर उतरता है या फिर अधूरे विकास कार्यों को लेकर लोगों का इंतजार और लंबा होता है।




