छत्तीसगढ़जांजगीर-चांपा

पंप हाउस में 17 साल सेवा, फिर भी नौकरी से बाहर! युवक ने प्रशासन से लगाई गुहार

संवाददाता – दीपक यादव, लोकेशन जांजगीर-चांपा, 23/05/2026

जांजगीर-चांपा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां 16 साल से पंप हाउस में काम कर रहे एक युवक ने खुद को अचानक नौकरी से हटाए जाने का आरोप लगाया है। युवक अब न्याय की गुहार लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचा है। परिवार की आर्थिक हालत कमजोर होने की बात कहते हुए युवक ने दोबारा काम पर रखने की मांग की है। जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम हरदी विशाल निवासी सुखनंदन उर्फ सुखदेव तिवारी ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा है। युवक का आरोप है कि उसे बिना किसी पूर्व सूचना के पंप हाउस की नौकरी से हटा दिया गया, जिससे उसके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित युवक ने बताया कि वह पिछले 16 से 17 वर्षों से ग्राम हरदी विशाल स्थित पंप हाउस में कुक के रूप में कार्यरत था। यहां तैनात सीआईएसएफ जवानों के लिए नियमित रूप से भोजन तैयार करने का काम करता था। युवक के मुताबिक, 3 मार्च 2026 को उसके पिता की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। पिता को अस्पताल ले जाने और देखभाल में व्यस्त रहने के कारण वह कुछ दिनों तक ड्यूटी पर नहीं जा सका। लेकिन वापस लौटने पर उसे काम से निकाल दिए जाने की जानकारी मिली। आवेदन में युवक ने यह भी उल्लेख किया है कि उसके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और पंप हाउस की नौकरी ही परिवार के जीवनयापन का मुख्य साधन थी। उसने कई बार पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका। युवक का कहना है कि पंप हाउस निर्माण के लिए उसके परिवार की जमीन का अधिग्रहण किया गया था और उसी के बदले उसे रोजगार दिया गया था। अब नौकरी से हटाए जाने के बाद परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। फिलहाल युवक ने प्रशासन से दोबारा काम पर रखने की मांग की है। मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है और अब सभी की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है। फिलहाल देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या फैसला लेता है और युवक को राहत मिल पाती है या नहीं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button