
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिलेभर में अभियान, सीसीटीवी, अलार्म, गार्ड और फायर सेफ्टी व्यवस्था की हुई जांच
रायगढ़, जिले में बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस ने मंगलवार को सभी थाना क्षेत्रों में स्थित बैंकों का औचक निरीक्षण किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस टीमों ने बैंक प्रबंधकों से सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा बैंक परिसर में तैनात सुरक्षा गार्ड, सीसीटीवी कैमरे, फायर सेफ्टी उपकरण, अलार्म सिस्टम, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और प्रवेश नियंत्रण व्यवस्था की जांच की। सुरक्षा निरीक्षण रजिस्टर का भी अवलोकन किया गया। जहां कमियां पाई गईं, उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।


पुलिस ने बैंक प्रबंधन को निर्देशित किया कि सभी सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे चालू रहें और उनकी रिकॉर्डिंग कम से कम 90 दिनों तक सुरक्षित रखी जाए। कैमरों की गुणवत्ता ऐसी हो कि बैंक में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की स्पष्ट पहचान हो सके। साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच एवं समय-समय पर सर्विसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
अभियान के दौरान सुरक्षा गार्डों के प्रशिक्षण, हथियारों की वैधता, लाइसेंस, ड्यूटी के दौरान सतर्कता और आपात स्थिति में उनकी कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई। गार्डों को संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध घटना की तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा बैंक खुलने और बंद होने के समय विशेष सतर्कता बरतने, बड़ी नकदी के परिवहन के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने, एटीएम और बैंक परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने, साइबर ठगी से बचाव संबंधी जागरूकता संदेश प्रदर्शित करने तथा आपातकालीन संपर्क नंबर प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी बैंक प्रबंधन को दिए गए।
रायगढ़ पुलिस ने कहा है कि बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और बैंकिंग अपराधों की प्रभावी रोकथाम के लिए इस प्रकार का औचक निरीक्षण अभियान भविष्य में भी नियमित रूप से जारी रहेगा।




