
रायगढ़ जिले में सूर्योदय प्लांट के सुरक्षा गार्ड से लूट और चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। गार्ड पर जानलेवा हमला कर मोबाइल और पर्स लूटने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों ने पीड़ित के फोन-पे खाते से करीब 30 हजार रुपये भी अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए थे। पुलिस ने लूटा गया मोबाइल, चाकू और अन्य अहम साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं।
मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है। 13 जुलाई की शाम सूर्योदय प्लांट के सुरक्षा गार्ड कुबेर कुमार यादव पर मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले गार्ड को घेरा, फिर चाकू से हमला कर घायल कर दिया और उसका वीवो टी-3 मोबाइल तथा पर्स लूटकर फरार हो गए।
वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल का इस्तेमाल कर उसके फोन-पे खाते से करीब 30 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर वेजौन कंपनी के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल चाकू, सिम कार्ड और बैंक ट्रांजेक्शन से जुड़े महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप सिंह, जगन्नाथ सोनी उर्फ सोनू और अनिकेत धनवार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी कुलदीप सिंह पहले भी ट्रेलर चोरी के मामले में आरोपी रह चुका है। तीनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लूट और चाकूबाजी की इस वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा हो गया। फिलहाल तीनों आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।




