छत्तीसगढ़सक्ती

उफनते नाले ने बढ़ाई मुश्किलें, जान जोखिम में डालकर पुल पार कर रहे ग्रामीण

सक्ति जिले के नगरदा थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते जरवे और दरी बंजर गांव को जोड़ने वाला पुल जलमग्न हो गया है। पुल के ऊपर तेज बहाव से पानी गुजरने के कारण दोनों गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर पुल पार करने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि यदि जल्द सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।



नगरदा थाना क्षेत्र के जरवे और दरी बंजर गांव के बीच बने पुल पर लगातार बारिश के कारण तेज बहाव के साथ पानी बह रहा है। इससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो गया है। किसान, स्कूली छात्र, मरीज और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले एक युवक बाइक सहित पुल पार करते समय तेज बहाव में बह गया था। हालांकि आसपास मौजूद लोगों की सूझबूझ और समय पर मदद से उसकी जान बच गई। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक पुल के दोनों ओर न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही बैरिकेडिंग की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाले के आगे बने स्टॉप डैम के कारण बारिश के दौरान पानी का स्तर तेजी से बढ़ जाता है, जिससे हर साल यही स्थिति बन जाती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुल पर तत्काल सुरक्षा इंतजाम करने और स्थायी समाधान के लिए ऊंचे पुल या वैकल्पिक मार्ग के निर्माण की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। अब सभी की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button