मोबाइल चोरी कर साथी आरक्षक के खाते से उड़ाए ₹4.87 लाख, आरोपी आरक्षक गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा में साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए 11वीं बटालियन में पदस्थ एक आरक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने ही साथी पुलिसकर्मी का मोबाइल चोरी कर उसके बैंक खाते से करीब 4 लाख 87 हजार 911 रुपये निकाल लिए। पुलिस के अनुसार आरोपी ऑनलाइन गेम खेलने का आदी था और उसने चोरी की पूरी रकम गेम में खर्च कर दी।

मामला 11वीं बटालियन में पदस्थ आरक्षक सुधीर कुमार सिंह से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 की रात उन्होंने अपना वीवो Y-21 मोबाइल बैरक में चार्जिंग पर लगाया था। ड्यूटी पर जाने से पहले मोबाइल गायब मिला। कुछ दिनों बाद बैंक पहुंचने पर पता चला कि 24 अप्रैल से 3 मई के बीच उनके खाते से विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों से 4 लाख 87 हजार 911 रुपये की अनाधिकृत निकासी हो चुकी है।
शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच में संदेह 11वीं बटालियन में पदस्थ आरक्षक सुनील कुमार यादव पर गया, जो घटना के बाद से बटालियन परिसर से भी गायब था।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसने साथी आरक्षक का मोबाइल चोरी किया और मोबाइल में उपलब्ध आधार नंबर की मदद से नई यूपीआई आईडी बनाकर बैंक खाते से रकम निकाल ली। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने अधिकांश राशि ऑनलाइन गेम खेलने में खर्च कर दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66-सी और 66-डी के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
साइबर थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपने मोबाइल और बैंकिंग संबंधी जानकारी को सुरक्षित रखें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।




