छत्तीसगढ़सक्ती

तीन दिनों से बिजली गुल, नाराज ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 49 पर किया चक्का जाम

रिपोर्टर: लाला उपाध्याय / लोकेशन: सक्ती, छत्तीसगढ़

सक्ती जिले के ग्राम पंचायत हरेठी में पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बिजली विभाग को लगातार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा जल्द बिजली बहाल करने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि तीन दिनों से बिजली नहीं होने के कारण पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। भीषण गर्मी के बीच लोगों को रोजमर्रा के कार्यों में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार सूचना देने के बावजूद बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी लाइन सुधारने गांव नहीं पहुंचे।

समस्या से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को बड़ी संख्या में राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर पहुंचकर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जब तक गांव की बिजली व्यवस्था बहाल नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल हस्तक्षेप कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। वहीं चक्का जाम की सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक और पुलिस अमला मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुट गया।

फिलहाल ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और बिजली आपूर्ति बहाल होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या का समाधान कब तक कर पाता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button