
रिपोर्टर – सरोज रात्रे, लोकेशन – कोरबा, छत्तीसगढ़, वेबसाइट अपडेट
कोरबा जिले के पसान थाना क्षेत्र से अंधविश्वास और टोनही प्रताड़ना का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम कुकरीबहरा में एक महिला को “टोनही” बताकर उसके परिवार पर बेलचा, डंडा और टांगी से हमला कर दिया गया। इस हिंसक वारदात में चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी अब भी फरार है।
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता फूलमत बाई ने थाना पसान में शिकायत दर्ज कराई कि पड़ोसी सोनकुंवर और उसके परिवार द्वारा उसे लंबे समय से “टोनही” कहकर प्रताड़ित किया जा रहा था। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार के अन्य सदस्यों पर भी बेलचा, डंडा और टांगी से हमला किया गया, जिससे चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर पसान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बुधराम, बलराम और वीरसिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिए हैं।
आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और टोनही प्रताड़ना अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है। मुख्य आरोपी सोनकुंवर की तलाश जारी है।
ग्रामीण इलाकों में आज भी अंधविश्वास के नाम पर महिलाओं को प्रताड़ित करने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे मामलों में पुलिस की सख्ती अब इस कुप्रथा पर लगाम लगाने की कोशिश मानी जा रही है।




