
रायगढ़ पुलिस ने मोबाइल झपटमारी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी आपस में चाचा-भतीजा हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया वीवो मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, चक्रधरनगर निवासी लोकेश कुमार चंद्रा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 30 मई की सुबह कोतरलिया मेन रोड स्थित डीपीएस स्कूल के पास स्कूटी खराब होने के दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनके दो मोबाइल फोन झपट लिए और धक्का देकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर चक्रधरनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

साइबर तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी दिनेश यादव और उसके भतीजे शुभम यादव की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर लूटा गया वीवो मोबाइल और बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। आरोपियों ने बताया कि दूसरा सैमसंग मोबाइल क्षतिग्रस्त होने के बाद रेलवे ट्रैक के पास फेंक दिया गया था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बाइट – शशि मोहन सिंह, एसएसपी रायगढ़
“लूटपाट और झपटमारी जैसे अपराध करने वालों के लिए रायगढ़ में कोई जगह नहीं है। तकनीकी जांच और प्रभावी विवेचना के माध्यम से ऐसे अपराधियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा। आमजन की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में लूट, झपटमारी और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।




