
रायगढ़ साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए युवती को प्रेमजाल में फंसाकर मोबाइल हैक करने, ब्लैकमेल करने और पैसे ऐंठने वाले साइबर अपराधी को बिहार से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद APK फाइल भेजकर युवती का मोबाइल हैक किया और निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 13 हजार रुपये की ठगी की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, लैलूंगा थाना क्षेत्र की 23 वर्षीय युवती ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि लगभग छह वर्ष पहले उसकी इंस्टाग्राम पर बिहार निवासी युवक से दोस्ती हुई थी। विश्वास जीतने के बाद आरोपी ने युवती के निजी फोटो और वीडियो हासिल किए और फिर एक APK फाइल डाउनलोड करने के लिए भेजी। फाइल इंस्टॉल करते ही आरोपी ने मोबाइल का एक्सेस प्राप्त कर लिया।
मोबाइल हैक करने के बाद आरोपी ने निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती से अलग-अलग किश्तों में 13 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। इसके बावजूद वह लगातार ब्लैकमेल करता रहा और परिजनों को भी फोटो भेजने की धमकी देता रहा। शिकायत मिलने पर साइबर थाना पुलिस ने आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
डिजिटल साक्ष्यों और आईपी एड्रेस की मदद से पुलिस बिहार के मुजफ्फरपुर पहुंची, जहां से 20 वर्षीय आरोपी अविनाश चौधरी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने यूट्यूब के माध्यम से हैकिंग के तरीके सीखकर इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
बाइट – शशि मोहन सिंह, एसएसपी रायगढ़
रायगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करने, निजी फोटो-वीडियो साझा करने और किसी के कहने पर APK फाइल डाउनलोड करने से बचें। यदि कोई ब्लैकमेल कर पैसे मांगता है, तो घबराएं नहीं और तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930, cybercrime.gov.in या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।




