छात्रों के समर्थन में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, पुतला दहन के बाद दी सामूहिक गिरफ्तारी

जांजगीर-चांपा में छात्रों के समर्थन में कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। भारत माता (कचहरी) चौक पर केंद्र सरकार का पुतला दहन कर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। इसके बाद रैली निकालते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोतवाली थाना पहुंचकर स्वेच्छा से गिरफ्तारी दी। प्रदर्शन के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।







प्रदर्शन में जांजगीर विधायक ब्यास कश्यप, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला, ओबीसी विभाग कांग्रेस अध्यक्ष लोकेश राठौर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। नेताओं ने छात्रों के समर्थन में आवाज उठाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पुतला दहन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता रैली निकालते हुए कोतवाली थाना पहुंचे, जहां सभी ने स्वेच्छा से गिरफ्तारी दी। थाना परिसर में भी प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि छात्रों पर हुई कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। भारत माता चौक से लेकर कोतवाली थाना तक बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पूरे कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि छात्रों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। फिलहाल पूरे घटनाक्रम पर राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं।




