
दुर्ग में मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि इस वारदात में दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने चोरी के 13 मोबाइल फोन सहित अन्य सामान बरामद कर लिया है।
दुर्ग के पंचशील नगर स्थित श्री ठाकुरजी मोबाइल स्टोर्स में 13 जुलाई की देर रात चोरी की वारदात हुई थी। आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और रिपेयरिंग के लिए रखे मोबाइल फोन, चार्जर, स्पीकर तथा गल्ले में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी तुषार भोंडेकर को गिरफ्तार किया। जांच में दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 13 मोबाइल फोन, 2 चार्जर और एक स्पीकर बरामद कर जब्त किया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया, जबकि दोनों विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से दुकानों और प्रतिष्ठानों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 पर देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




