
घरघोड़ा। शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक शाला, घरघोड़ा ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में विद्यालय की चार छात्राओं ने सफलता प्राप्त कर विद्यालय, क्षेत्र और अपने अभिभावकों का नाम गौरवान्वित किया है।
सफल छात्राओं में आँचल भोय, रविना जोल्हे, जश्मिता पंडा एवं गायत्री मांझी शामिल हैं। इन छात्राओं ने अपनी मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चयन प्राप्त किया।

विद्यालय की इस सफलता पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी शशिधर निषाद, प्राचार्य हरीश चंद्र बेहरा, विकासखंड स्रोत समन्वयक मनोज प्रधान, प्रधानपाठक (संविदा) अखिलेश कुमार मिश्रा, ज्योति खलखो, निवेदिता सिंह ठाकुर तथा “ज्ञान दीप पुरस्कार” से सम्मानित शिक्षक विजय पंडा ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने इसे विद्यालय के गुणवत्तापूर्ण शिक्षण एवं विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत का परिणाम बताया।
शिक्षक विजय पंडा ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी रायगढ़ के मार्गदर्शन में विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जा रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम लगातार देखने को मिल रहा है। यही कारण है कि विद्यालय में प्रत्येक वर्ष विद्यार्थियों की संख्या विकासखंड के अन्य विद्यालयों की तुलना में अधिक बनी हुई है।
धरमजयगढ़ विधायक लालजीत सिंह राठिया ने भी सफल छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मेहनत और शिक्षा के बल पर बच्चे भविष्य में प्रदेश और देश का नाम रोशन करें, यही सभी की अपेक्षा है।




