
रायगढ़ जिले के खरसिया क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के एक गंभीर मामले में पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोप है कि चालक ने बुजुर्ग को टक्कर मारने के बाद वाहन नहीं रोका और मोटरसाइकिल को करीब 250 फीट तक घसीटता चला गया, जिससे बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 की शाम खरसिया निवासी कैलाश गर्ग (73 वर्ष) मोटरसाइकिल से राठौर चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। आरोप है कि चालक वाहन रोकने के बजाय बाइक को करीब 200 से 250 फीट तक घसीटता रहा। हादसे में कैलाश गर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज अभी भी अस्पताल में जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में खरसिया पुलिस ने जांच तेज की। पूछताछ के दौरान आरोपी भीष्म कुमार यादव (34 वर्ष) निवासी जिला सक्ती ने घटना करना स्वीकार किया। पुलिस ने दुर्घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो क्रमांक CG 13 AY 6539 को भी जब्त कर लिया।
जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पाया कि घटना के समय आरोपी शराब के नशे में वाहन चला रहा था। इसके बाद मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के साथ हत्या के प्रयास से संबंधित गंभीर धाराएं भी मामले में जोड़ी गईं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
बाइट – शशि मोहन सिंह, एसएसपी रायगढ़
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे में वाहन चलाने और लापरवाही से दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की है।




