
लोकेशन शक्ति जिला/ रिपोर्टर लाला उपाध्याय
एक किलोमीटर दूर से पानी लाने के लिए मजबूर है पंचायत के लोग
भीषण गर्मी के बीच सक्ती जिले के जैजैपुर जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत पाड़ाहरदी में जल संकट गहराता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को बूंद-बूंद पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। पीने के पानी के लिए लोगों को करीब एक किलोमीटर दूर तक जाना पड़ रहा है, जिससे खासकर महिलाओं और बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में भूजल स्तर लगातार नीचे जा रहा है। वर्तमान में 500 से 700 फीट गहराई में भी पानी मुश्किल से मिल रहा है।



ऐसे में हैंडपंप और निजी बोरवेल भी जवाब देने लगे हैं। गांव में करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई पानी टंकी भी शोपीस बनकर रह गई है। जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक पानी पहुंचाने का दावा किया गया था, लेकिन हकीकत में टंकी से किसी भी घर तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे योजना पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार और पीएचई विभाग की लापरवाही के कारण गांव के लोगों को इस संकट का सामना करना पड़ रहा है।



भीषण गर्मी के इस दौर में पानी की समस्या ने लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित कर दिया है। अब ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके। भीषण गर्मी के दिनों में पूरे जिले में सैकड़ो ऐसे गांव है जहां इन दिनों जल संकट है लेकिन पीएचई विभाग की माने तो सभी गांवों नल जल योजना सुचारू रूप से संचालित है और लोगों के घरों में पानी जा रही है। लेकिन जमीनी हकीकत इससे कोसो दूर है, समय रहते जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नही देंगे तो स्थिति और बदतर होगी।




