
रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ वनमंडल के छाल वन परिक्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। ऐड़ू से बरभौना मार्ग पर छह हाथियों का दल सड़क पार कर संगम जंगल की ओर पहुंचा है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
वन विभाग के अनुसार, छह हाथियों का दल ऐड़ू से बरभौना मार्ग को पार कर संगम जंगल में विचरण कर रहा है। विभाग की टीम हाथियों की मूवमेंट पर लगातार निगरानी रख रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए बरभौना से पुस्लदा कच्चे मार्ग और ऐड़ू से बरभौना पक्के मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों के नजदीक न जाने और उन्हें छेड़ने या भगाने का प्रयास नहीं करने की सलाह दी है।
वहीं ऐड़ू, बरभौना पुनर्वास और पुस्लदा गांव के ग्रामीणों से भी सतर्क रहने की अपील की गई है। खासकर सुबह और शाम के समय जंगल और सड़क के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथियों की सूचना मिलने पर घबराएं नहीं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें। वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ-साथ ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर विभाग पूरी तरह सतर्क है।




