कोरबाछत्तीसगढ़

कल जताई थी आशंका… आज सड़क पर बिखर गया खून! उरगा ओवरब्रिज के नीचे बस ने बाइक सवारों को रौंदा

रिपोर्टर सरोज रात्रे, लोकेशन कोरबा चांपा

कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग… उरगा भारतमाला ओवरब्रिज… और एक बार फिर सड़क पर बिखरा खून। जिस खतरे की चेतावनी कल दी गई थी, आज वही आशंका दर्दनाक हादसे में बदल गई। तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार तीन युवकों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
सबसे बड़ा सवाल… आखिर इन मौतों का जिम्मेदार कौन?
सड़क के दोनों ओर खड़े कोयला लोड ट्रेलर?
रॉन्ग साइड में कब्जा जमाए भारी वाहन?
या फिर आंख बंद कर बैठा प्रशासन?

घटना उरगा थाना क्षेत्र के कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग स्थित भारतमाला ओवरब्रिज के नीचे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर जमा हो गए। सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और देखते ही देखते जाम की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को हटाकर यातायात व्यवस्था संभाली। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि अदानी पावर प्लांट के लिए आने वाले कोयला लोड ट्रेलर सड़क के दोनों ओर घंटों खड़े रहते हैं। कई वाहन रॉन्ग साइड में भी खड़े रहते हैं, जिससे हर दिन हादसे का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि एक दिन पहले ही सड़क पर जाम और अव्यवस्था की खबर सामने आई थी और दुर्घटना की आशंका जताई गई थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की।
हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। फिलहाल मृतक और घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस फरार बस और चालक की तलाश में जुटी हुई है। वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़े ट्रेलरों को तत्काल हटाने और भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सवाल अब भी वही है…
आखिर कब तक सड़क पर ऐसे ही मौत दौड़ती रहेगी?
और कब जागेगा प्रशासन… जब हर दिन किसी का घर उजड़ जाएगा?

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button