मुस्कान प्रधान ने जिस दूल्हे की बारात लौटाई, उसी से मंदिर में रचाई शादी

जांजगीर-चांपा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को चौंका दिया है। हाल ही में कथित तौर पर नशे में पहुंचे दूल्हे की बारात लौटाकर चर्चा में आईं मुस्कान प्रधान ने अब उसी युवक संत कुमार के साथ मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया है। दोनों का कहना है कि आपसी बातचीत के बाद गलतफहमियां दूर हुईं, जिसके बाद उन्होंने साथ जीवन बिताने का फैसला किया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह मुस्कान परिवार परामर्श केंद्र पहुंची थीं। दोपहर में वहां से निकलने के बाद वह अपने घर जाने के बजाय संत कुमार के गांव खोखरा पहुंचीं, जहां मनका दाई मंदिर में दोनों ने परिजनों की मौजूदगी में विवाह कर लिया।
जब मुस्कान शाम तक घर नहीं पहुंचीं और उनका मोबाइल बंद मिला, तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और साइबर टीम ने उनकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि मुस्कान संत कुमार के घर पर हैं। मौके पर पहुंची पुलिस से मुस्कान ने बताया कि उन्होंने अपनी इच्छा से संत कुमार के साथ विवाह किया है और उनके साथ रहना चाहती हैं।
मुस्कान और संत कुमार का कहना है कि 23 जून को शादी टूटने के बाद भी दोनों लगातार संपर्क में रहे। उनका दावा है कि शादी वाले दिन हुई घटना एक साजिश का हिस्सा थी। संत कुमार ने आरोप लगाया कि उनकी कोल्ड ड्रिंक में किसी ने नशीला पदार्थ मिला दिया था, जिससे लोगों को लगा कि वह नशे में हैं। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि 23 जून को मुस्कान ने कथित रूप से नशे में पहुंचे दूल्हे से शादी करने से इनकार कर बारात लौटा दी थी। उनके इस फैसले की प्रदेशभर में सराहना हुई थी और उन्हें सम्मानित भी किया गया था।
फिलहाल दोनों ने अपनी इच्छा से विवाह कर साथ रहने का फैसला किया है। वहीं, शादी वाले दिन हुई घटना को लेकर किए गए दावों की आधिकारिक पुष्टि या जांच अलग विषय है। अब यह मामला एक बार फिर पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।




