
लोकेशन: बिलासपुर / रिपोर्टर: दीपक यादव
बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए चलती स्कॉर्पियो की छत पर केक काटना और आतिशबाजी करना युवक-युवती को भारी पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद कोनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है।
बताया जा रहा है कि रतनपुर से रायपुर जाने वाली सर्विस रोड पर काले रंग की स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक CG 10 BP 3926 में युवक और उसकी महिला मित्र तेज रफ्तार गाड़ी की छत पर चढ़कर केक काटते और पटाखे जलाते नजर आए। इस दौरान खुलेआम यातायात नियमों की अनदेखी की गई और सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा भी खतरे में डाल दी गई।
घटना का वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोनी पुलिस ने वाहन की पहचान कर उसे जब्त कर लिया। पूछताछ में वाहन चालक अरविंद सैनी निवासी कुदुदंड बिलासपुर ने पूरी घटना स्वीकार कर ली।

पुलिस ने वाहन चालक और उसकी महिला मित्र के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन सहित अन्य धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए सड़क पर इस तरह की स्टंटबाजी न करें, क्योंकि इससे हादसे की आशंका बढ़ जाती है और दूसरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।




