
रिपोर्टर: सुरेंद्र साहू/ लोकेशन: सूरजपुर (छत्तीसगढ़)
सूरजपुर जिले से एक हृदयविदारक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक अधेड़ व्यक्ति की अपने ही घर में जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में मातम का माहौल है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहरसोप चौकी क्षेत्र के उमझर गांव में स्थित एक मकान में अचानक भीषण आग लग गई। घर में रखे पैरावट (भूसा/अनाज भंडारण) में आग लगने की आशंका जताई जा रही है, जिसने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि घर के अंदर मौजूद ईश्वर नामक अधेड़ व्यक्ति को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल पाया। आग की लपटों में घिरकर वह बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब तक ग्रामीण कुछ समझ पाते, तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग पर काबू पाने में काफी देर हो गई। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना तत्काल पुलिस और प्रशासन को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर इसे हादसा माना जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भी घटना को लेकर भय और दुख का माहौल बना हुआ है।
प्रशासन द्वारा लोगों से सतर्क रहने और घरों में ज्वलनशील सामग्री के सुरक्षित भंडारण की अपील की गई है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।




