
लोकेशन :- बालोद / संवाददाता:- के पी चंद्राकर
छत्तीसगढ़ में सरस्वती शिशु मंदिर लाटाबोड़ जिला बालोद में आयोजित “नवीन आचार्य प्रशिक्षण वर्ग 2026” का आज गरिमामय समापन हुआ। दस दिनों तक चले इस आयोजन ने शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र चेतना की अद्भुत मिसाल प्रस्तुत की। समापन समारोह में छाया विधायक राकेश यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।


कार्यक्रम में योगाचार्य रवि पांडे, पूर्व मंडल अध्यक्ष तेज प्रकाश मंडावी, पालक ठाकुर एवं ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।प्रशिक्षार्थियों द्वारा योग, व्यायाम, खेल, गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का शानदार प्रदर्शन किया गया। पूरे परिसर में अनुशासन और भारतीय संस्कृति की झलक दिखाई दी। मंच से वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक समाज की दिशा और भविष्य तय करने वाला व्यक्तित्व होता है।

इस वर्ग में जिले के पांच विकासखंडों के 28 विद्यालयों से आए 65 शिक्षार्थियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान अनुभवी प्रशिक्षकों और समन्वयकों का सतत मार्गदर्शन मिला। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम पंचायत, नवयुवक मंडल, शिक्षण समिति और ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में सभी अतिथियों एवं प्रशिक्षार्थियों का सम्मान किया गया।




