
सरगुजा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती हाईवा में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
यह घटना सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम सोनतराई स्थित देवगढ़ मोड़ पर अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-43 की है। जानकारी के अनुसार, चलती हाईवा में अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से चालक समेत तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से झुलसे सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सीतापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।




