
कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में स्थित देवांगन ऑटो पार्ट्स में देर रात भीषण आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग की चपेट में आकर चार मोटरसाइकिल, दो स्कूटी और दो साइकिल पूरी तरह जलकर राख हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, उरगा थाना क्षेत्र के तिलकेजा स्थित आमापाली के समीप संचालित देवांगन ऑटो पार्ट्स में बुधवार रात करीब 10:30 बजे अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलते हुए परिसर में खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
पीड़ित सुनील कुमार देवांगन के मुताबिक, आग की लपटें देखते ही परिवार के लोगों और आसपास के ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, जिससे आग को घर तक फैलने से रोका जा सका। हालांकि तब तक चार मोटरसाइकिल, दो स्कूटी और दो साइकिल पूरी तरह जल चुकी थीं।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक घटना में करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
पीड़ित ने उरगा थाना में आवेदन देकर मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुट गई है।




