
दुर्ग जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली में बड़ी अनियमितता का मामला सामने आया है। भिलाई नगर थाना पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई में शासकीय उचित मूल्य दुकान में 1007.51 क्विंटल चावल की कमी पाए जाने पर दुकान के संचालक एवं अध्यक्ष धनंजय सिंह राजपूत को गिरफ्तार किया गया है।
खाद्य विभाग की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान ऑनलाइन स्टॉक और भौतिक सत्यापन में बड़ा अंतर सामने आया। रिकॉर्ड के अनुसार दुकान में 1034.01 क्विंटल चावल होना चाहिए था, लेकिन मौके पर केवल 26.50 क्विंटल चावल ही मिला।
जांच में स्टॉक पंजी भी उपलब्ध नहीं मिली। साथ ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली के नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर दुकान संचालक धनंजय सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता की जानकारी तुरंत पुलिस या खाद्य विभाग को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।




