
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। खम्हार चौक पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर फरार कार चालक की तलाश कर रही है।


जानकारी के अनुसार, बिहामाटी गांव के तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर खम्हार चौक पहुंचे थे। वे सड़क पार कर एक होटल की ओर जा रहे थे। तभी तेज गति से आ रही कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। समय पर मदद मिलने से घायलों को तत्काल चिकित्सा उपलब्ध कराई जा सकी।
दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर वाहन और चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।
फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। CCTV फुटेज को जांच का अहम आधार माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




