कोरबाछत्तीसगढ़

महिला बनकर आया लुटेरा! कट्टा-चाकू लेकर ज्वैलर्स में धावा, संचालक की बहादुरी से बड़ी लूट नाकाम

लोकेशन: कोरबा | छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर: सरोज रात्रे / मोबाइल नंबर:7999737507

कोरबा जिले के छुरी क्षेत्र में दिनदहाड़े ज्वैलर्स की दुकान में लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। महिला के वेश में पहुंचे एक बदमाश समेत तीन हथियारबंद नकाबपोशों ने कट्टा, चाकू और मिर्च पाउडर के दम पर लूट की कोशिश की। लेकिन दुकान संचालक की सूझबूझ और बहादुरी के चलते बदमाश अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

घटना दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। तीन बदमाश ग्राहक बनकर छुरी स्थित राज ज्वैलर्स पहुंचे। अंगूठी दिखाने के बहाने उन्होंने कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और कट्टा व चाकू निकालकर दुकान में रखे जेवर समेटने लगे।


इसी दौरान दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल ने बदमाशों का बहादुरी से विरोध किया। हाथापाई के दौरान एक बदमाश ने उनके हाथ पर दांत से काट लिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति पर चाकू से हमला कर दिया। विरोध बढ़ता देख घबराए बदमाश अपनी बाइक और कट्टा मौके पर छोड़कर भाग निकले। जल्दबाजी में वे केवल कुछ नकली जेवर ही ले जा सके।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। मौके से मिले हथियार और बाइक को भी जब्त कर जांच की जा रही है।


दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। राहत की बात यह रही कि दुकान संचालक की बहादुरी से बड़ी लूट टल गई। अब पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button