कोरबाछत्तीसगढ़

“वेतन दो या खदान रोको!” गेवरा में श्रमिकों ने दी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

लोकेशन: कोरबा | छत्तीसगढ़ / रिपोर्टर: सरोज रात्रे / मोबाइल नंबर 7999737507

देश की सबसे बड़ी कोयला परियोजनाओं में शामिल एसईसीएल के गेवरा क्षेत्र में श्रमिकों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। एडास माइनिंग कंपनी के कर्मचारियों ने वेतन, एचपीसी रेट और श्रमिक सुविधाओं की मांग को लेकर एसईसीएल प्रबंधन को अल्टीमेटम दिया है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि 14 जुलाई तक उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल, खदान बंदी और एसईसीएल कार्यालय का घेराव करेंगे।



कोरबा के गेवरा क्षेत्र में पीएनसी कंपनी के अधीन संचालित एडास माइनिंग कंपनी के ड्राइवर, ऑपरेटर और मजदूर बड़ी संख्या में एकत्रित होकर प्रदर्शन पर उतर आए। श्रमिकों का आरोप है कि उनसे पूरा काम लिया जाता है, लेकिन एचपीसी दर के अनुसार वेतन नहीं दिया जाता। साथ ही कई कर्मचारियों को समय पर वेतन भी नहीं मिल रहा, जिससे उनके परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

श्रमिकों ने मुख्य महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर एचपीसी दर के अनुसार वेतन, समय पर वेतन भुगतान, ओवरटाइम का भुगतान, नियुक्ति पत्र, वेतन पर्ची, गेट पास और श्रम कानूनों के तहत मिलने वाली सभी सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की है। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला प्रशासन, श्रम विभाग, पुलिस और कंपनी प्रबंधन को भी भेजी गई है।

श्रमिकों का कहना है कि यदि 14 जुलाई तक उनकी मांगों पर लिखित और ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल, खदान बंदी और एसईसीएल गेवरा कार्यालय का घेराव करेंगे। इससे देश की महत्वपूर्ण कोयला उत्पादन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी जताई जा रही है।

फिलहाल इस पूरे मामले में कंपनी प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि बातचीत के जरिए समाधान निकलता है या गेवरा की खदानों में कामकाज ठप होने की स्थिति बनती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button